मंगलवार, दिसंबर 22, 2009

गढ़ में हारे गडकरी

संजय स्वदेश
nagpur
स्थानिक स्वराज्य संस्था से विधान परिषद में भेजे जाने के लिए हुए 7 स्थानों के चुनाव में एक बार फिर कांग्रेस-राकांपा आघाड़ी ने बाजी मार ली है। कुल 7 स्थानों में से 3 पर कांग्रेस, 2 पर शिवसेना, 1 पर राकांपा और 1 सीट पर राकांपा का बागी विजयी हुआ है।
मुंबई - शिवसेना के कदम और कांग्रेस के जगताप विजयी : मुंबई स्थानिक स्वराज्य संस्था से विधान परिषद के दो स्थानों के लिए हुए चुनाव में शिवसेना के रामदास कदम 85, कांग्रेस के भाई जगताप 97 मतों से विजयी हुए। कुल 227 में से 223 पार्षदों ने मतदान किया। इस चुनाव में भाजपा के मधु चव्हाण को पराजय का सामना करना पड़ा।
कोल्हापुर - महाडिक की तिकड़ी : कोल्हापुर स्थानिक स्वराज्य संस्था चुनाव क्षेत्र के कांग्रेस के प्रत्याशी महादेवराव महाडिक ने तिकड़ी (हेटट्रिक) बनाई। उन्होंने जन सुराज्य शक्ति केउम्मीदवार जयंत पाटील को 42 मतों से हराया। 356 में से आठ मत अवैध हुए।
सोलापुर- राकांपा के दीपक सालुंखे विजयी : सोलापुर क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस-कांग्रेस आघाडी के दीपक सालुंखे 79 मतों से विजयी हुए। कांग्रेस के बागी कल्याणराव काले हार गए।
अहमदनगर- राकांपा बागी जगताप जीते : अहमदनगर से राष्ट्रवादी कांग्रेस के बागी उम्मीदवार अरुण जगताप विजयी हुए। उन्हें 186 मत मिले। कांग्रेस के जयंत ससाणे को 148 मत मिले ।
अकोला - शिवसेना के बाजोरिया विजयी: अकोला, बुलढाणा व वाशिम जिला चुनाव क्षेत्र से शिवसेना के विधायक गोपीकिशन बाजोरिया 10 मतों से विजयी हुए। बाजोरिया व कांग्रेस आघाडी के राधेश्याम चांडक में सीधा संघर्ष था। चुनाव मैदान में नांदुरा के मोहम्मद इरफान भी उम्मीदवार थे। बाजोरिया को 347, चांडक 337 को मत मिले।
नागपुर से कांग्रेस के राजेंद्र मुलक विजयी
विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र मुलक ने भाजपा के अशोक मानकर को सिर्फ चार मतों से पराजित किया। मुलक को 202, मानकर को 198 मत मिले। 14 मत अवैध ठहराए गए। कुल 414 मतदाताओं ने मतदान किया था। एक पार्षद अनुपस्थित थी, वहीं एक मतपत्रिका सील की गई।

कोई टिप्पणी नहीं: