शनिवार, अगस्त 07, 2010

राजधानी एक्सप्रेस के यात्रियों को मिलती है गंदी चादर

अच्छी सेवा नहीं देने के बाद भी कोच अटेंडेंट मांगते हैं टिप
संजय
नागपुर।
नागपुर से गुजरने वाली नई दिल्ली-बिलासपुर राजधानी एक्सपे्रस में सफर करने वाले यात्री खिन्न हंै। उन्हें उपलब्ध सुविधाएं ठीक से नहीं प्रदान की जा रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार नई दिल्ली से बिलासपुर जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में यात्रियों को मिलने वाली बिछाने की चादर इन दिनों गंदी मिल रही है। कई यात्रियों को तो बिना इस्तरी किए हुए ही चादरें दी जा रही हैं। कुछ चादरों पर सब्जी के दाग भी नजर आते हैं। वहीं नई दिल्ली से चेन्नई तक जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस की सुविधा थोड़ी-सी ठीक है।
नई दिल्ली-बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस में सफर कर आए डा. सुरजीत के. सिंह ने बताया इस टे्रन के वेंडर, यात्रियों से टिप भी मांगते हैं। डा. सिंह ने बताया कि वे नई दिल्ली से नागपुर तक बुधवार को नई दिल्ली -बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस से आए। उन्हें बिछाने और ओढऩे के लिए जो भी चीजें उपलब्ध कराई गईं, वे गंदी थीं। इतना ही नहीं तकिये के खोल धुले हुए नहीं थे। उस पर यात्रियों के बाल लगे थे। इस तरह की शिकायत कुछ अन्य यात्रियों की भी थी। जब कोच अटेंडेंट से इसे बदलने के लिए कहा गया तो वे आनाकानी करने लगे। शिकायत पुस्तिका मांगने पर वे नहीं दे रहे थे। काफी हो-हल्ला करने पर टीटीई शिकायत पुस्तिका लेकर आया तब शिकायत लिखी। शिकायत पुस्तिका के आधे पेज भरे हुए थे। इससे लगता है कि राजधानी एक्सप्रेस में अव्यवस्था का कितना आलम है। इतनी शिकायत होने के बाद भी व्यवस्था नहीं सुधरी है। महंगे टिकट खरीद कर सफर करने वाले यात्रियों के साथ जब ऐसा व्यवहार है तो सामान्य ट्रेनों के वातानुकूलित डिब्बे में सफर करने वाले यात्रियों का क्या हाल होगा, इसका अनुमान लगाया जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं: